NEWS PR डेस्क: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद मृतक विनय कुमार पासवान के परिवार का दर्द अब खुलकर सामने आया है। पिता की मौत से टूटे बेटे लक्की कुमार ने पुल निगम और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।

‘चार लाख का मुआवजा नहीं, इंसाफ चाहिए’
मृतक के पुत्र लक्की कुमार ने बरारी थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से किसी ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला है। भावुक होते हुए लक्की कुमार ने कहा,”मेरे पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। घर में मां, एक बहन और मैं हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सरकार की ओर से मिलने वाले चार लाख रुपये के मुआवजे से हमारा भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। हमें न्याय चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
समाजसेवी ने भी उठाए सवाल
समाजसेवी एवं मुखिया अजय कुमार उर्फ लाली मुखिया ने भी इस घटना को व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए पुल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि लापरवाही का गंभीर परिणाम है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है। बता दें कि इस हादसे ने एक बार फिर विक्रमशिला सेतु की सुरक्षा व्यवस्था और पुल निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
