श्रावणी मेला 2026: डीएम-एसएसपी ने किया नमामि गंगे घाट का निरीक्षण, सुरक्षा के विशेष इंतजाम

भागलपुर प्रशासन एक्शन में, श्रावणी मेला को लेकर घाट से कांवरिया पथ तक विशेष व्यवस्था

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:, भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज पहुंचकर नमामि गंगे घाट और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी अतुलेश झा, सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, पीएचईडी, पथ निर्माण विभाग, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस बार पहले से ज्यादा भव्य होगा श्रावणी मेला
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कहा कि इस वर्ष का श्रावणी मेला पहले की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नमामि गंगे घाट, कांवरिया पथ और पूरे मेला क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा भक्ति गीत और भजन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र में लेजर शो और ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक नया और यादगार अनुभव मिलेगा।
सुरक्षा के लिए बनेंगे 9 से 12 अस्थायी थाना
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नमामि गंगे घाट से लेकर भागलपुर जिले की सीमा तक पड़ने वाले कांवरिया पथ पर 9 से 12 अस्थायी थाना स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में घुड़सवार पुलिस दस्ता, बाइक पेट्रोलिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी अस्थायी थाने लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस
जिला प्रशासन के अनुसार, इस बार श्रावणी मेला में साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article