NEWS PR डेस्क: पटना, 02 जुलाई। बिहार सरकार ने राज्य में सहकारी चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने गुरुवार को सकरी (मधुबनी) और रैयाम (दरभंगा) में प्रस्तावित प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता के लिए सहकारिता विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से पात्र किसान घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर समिति के सदस्य बन सकेंगे।
शुभारंभ समारोह में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह और अपर निबंधक विकास कुमार बरियार समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सहकारिता विभाग के अनुसार इच्छुक किसान https://esahkari.bihar.gov.in/coop/Sugarcane पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सदस्य बनने वाले किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए कृषि आदानों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन, मिट्टी परीक्षण, सरकारी योजनाओं का लाभ, राज्य सरकार की नीति के अनुरूप गन्ने की खरीद तथा गन्ना मूल्य भुगतान में पारदर्शिता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सकरी और रैयाम सहकारी चीनी मिलें केवल औद्योगिक परियोजनाएं नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। डिजिटल सदस्यता व्यवस्था से किसानों को पारदर्शी, सरल और सुगम प्रक्रिया के तहत समिति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि दोनों चीनी मिलों की स्थापना के लिए राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (NFCSF), नई दिल्ली द्वारा संभाव्यता प्रतिवेदन और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) सरकार को सौंप दिया गया है। अब परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर चल रही है।
सहकारिता विभाग ने सदस्यता के लिए पात्रता की शर्तें भी निर्धारित की हैं। आवेदन करने वाले किसान की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए तथा वह संबंधित कार्यक्षेत्र का निवासी और गन्ना उत्पादक हो या अगले दो पेराई सत्र में गन्ना उत्पादन के लिए प्रतिबद्ध हो। सामान्य वर्ग के किसानों के लिए कम से कम 100 डिसमिल और आरक्षित वर्ग तथा महिला किसानों के लिए 50 डिसमिल भूमि पर गन्ना उत्पादन या उसकी प्रतिबद्धता आवश्यक होगी। एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन कर सकेगा।
विभाग के अनुसार रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के कार्यक्षेत्र में 1018 गांव और सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के कार्यक्षेत्र में 1383 गांव शामिल किए गए हैं। इन क्षेत्रों के गन्ना उत्पादक किसानों को समिति से जोड़कर दोनों चीनी मिलों के लिए गन्ने की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए किसान संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा गठित ऑर्गेनाइजर कमेटी से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने बताया कि ऑनलाइन सदस्यता आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है और सभी पात्र किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
