बक्सर में प्रश्नपत्र पानी में मिलने की खबर भ्रामक, शिक्षा विभाग ने कहा- परीक्षा सामग्री पूरी तरह सुरक्षित रही

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: बक्सर, 02 जुलाई। बिहार के बक्सर जिले में त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं बारिश के पानी में मिलने की खबरों को जिला शिक्षा विभाग ने पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया, कुछ समाचार चैनलों और न्यूज़ पोर्टलों पर प्रसारित तस्वीरें और वीडियो गलत संदर्भ में वायरल किए गए हैं। परीक्षा सामग्री पूरी तरह सुरक्षित रही और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से किया गया।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं की त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं 27 जून तक जिले को प्राप्त हो गई थीं। 28 जून को एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर में सिपाही भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाए जाने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा सामग्री को राजकीय बुनियादी विद्यालय, बक्सर में सुरक्षित रखा गया था।

विभाग ने बताया कि 30 जून को विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का उठाव कर रहे थे। इसी दौरान विद्यालयवार पैकेटों की छंटनी कर उन्हें वाहनों में रखा जा रहा था कि अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। विभाग का कहना है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने तस्वीरें और वीडियो बनाकर उन्हें गलत तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे यह भ्रम फैलाया गया कि प्रश्नपत्र पानी में पड़े मिले हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि बारिश के बावजूद सभी सीलबंद पैकेट सुरक्षित रूप से संबंधित विद्यालयों तक पहुंचा दिए गए थे। किसी भी प्रश्नपत्र या उत्तर पुस्तिका को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा या लापरवाही नहीं हुई।

विभाग ने कहा है कि परीक्षा सामग्री के पानी में बहने या मिलने संबंधी दावे पूरी तरह निराधार हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने विभाग की छवि धूमिल करने की मंशा से भ्रामक तस्वीरें और वीडियो वायरल किए। जिला शिक्षा कार्यालय ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article