धार्मिक भीड़ में चोरी का खेल खत्म: मोतिहारी पुलिस ने महिला गिरोह का किया पर्दाफाश

महायज्ञ की कलश यात्रा में सक्रिय अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भीड़ को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक कथित अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का मोतिहारी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आभूषण चोरी करने के आरोप में उत्तर प्रदेश की रहने वाली नौ महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी के मंगलसूत्र भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना एक जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे की है। सागर गांव में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं का एक समूह श्रद्धालुओं के बीच घुल-मिल गया और कथित रूप से महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व अन्य सोने के आभूषण काटने लगा। कुछ ही देर में कई श्रद्धालुओं को अपने गहने गायब होने का पता चला, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घेराबंदी कर गिरोह की नौ महिलाओं को हिरासत में ले लिया
स्थिति को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर गिरोह की नौ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कथई और काले-पीले गुरिया वाले तीन पारंपरिक मंगलसूत्र बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो बिहार और सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित महायज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान, मेले और अन्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह की महिलाएं श्रद्धालुओं के वेश में भीड़ में शामिल होकर मौका मिलते ही कटर या अन्य तरीकों से गहने चोरी कर लेती थीं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने पूर्वी चंपारण या आसपास के जिलों में और किन-किन घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही इनके स्थानीय संपर्कों और पूरे नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।
थाना में कांड संख्या 274/26 दर्ज
इस मामले में पिपरा थाना में कांड संख्या 274/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपित महिलाओं को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में अपने आभूषण और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article