NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जुलाई। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंगलवार को LNJP अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, इलाज की व्यवस्था, ओपीडी, वार्ड और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान मिली अनियमितताओं पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो डॉक्टरों के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डॉक्टर राकेश कुमार रौशन की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से थी, लेकिन वे निर्धारित समय तक अस्पताल नहीं पहुंचे। वहीं, एक अन्य डॉक्टर द्वारा मरीजों को सरकारी अस्पताल की बजाय अपने निजी क्लिनिक में जांच कराने की सलाह देने का मामला भी सामने आया। मंत्री ने कहा कि इस तरह की शिकायतें गंभीर हैं और संबंधित डॉक्टरों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी और पुरुष शौचालय का भी निरीक्षण किया। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य पैथोलॉजी जांच में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए पैथोलॉजी सेवाओं को 24 घंटे संचालित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेजने का भी निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी को निरीक्षण में सामने आई सभी कमियों को जल्द दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इलाज और मरीजों की सुविधा के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
