NEWS PR डेस्क: हाजीपुर,11 जुलाई। बिहार सरकार ने जमीन निबंधन प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित जिला निबंधन कार्यालय से ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत कई डिजिटल और नागरिक सुविधा आधारित योजनाओं की शुरुआत की। इनमें सबसे खास ‘होम रजिस्ट्रेशन सेवा’ है, जिसके जरिए अब 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक अपने घर पर ही जमीन की रजिस्ट्री करा सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआत में इस सुविधा का लाभ केवल 80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को देने का प्रस्ताव था, लेकिन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के सुझाव पर सरकार ने इसकी पात्रता घटाकर 75 वर्ष कर दी। अब मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट पात्र वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचेगी और वहीं दस्तावेजों का सत्यापन एवं निबंधन की पूरी प्रक्रिया पूरी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों तक सरकारी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जो लोग उम्र या अन्य कारणों से निबंधन कार्यालय नहीं पहुंच सकते, उन्हें अब घर बैठे ही यह सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस सेवा का लाभ लेने वाले पहले बुजुर्ग को शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निबंधन विभाग में पेपरलेस व्यवस्था की भी शुरुआत की। अब रजिस्ट्री से जुड़े सभी दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जाएंगे, जिससे उनके गुम होने या क्षतिग्रस्त होने की संभावना नहीं रहेगी। साथ ही विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ाया जाएगा, ताकि दस्तावेजों की जांच और निबंधन प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सके।
सरकार ने भूमि से जुड़े सत्यापन को भी तकनीक से जोड़ दिया है। अब GIS आधारित स्थल सत्यापन और अंचलाधिकारी (सीओ) द्वारा निबंधन से पहले ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी होगी। योजनाओं के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यही वाहन अब राज्यभर में पात्र बुजुर्गों के घर जाकर जमीन निबंधन की प्रक्रिया पूरी करेगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला हाजीपुर दौरा था। इस दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, कई मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
