NEWS PR डेस्क: गया, 12 जुलाई। बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उत्तर प्रदेश के सांसद जगदम्बिका पाल और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विधायकों को जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकासोन्मुख राजनीति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह प्रबोधन कार्यक्रम विशेष रूप से पहली बार निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे सदस्यों के लिए काफी उपयोगी रहा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को अपनी विधायी जिम्मेदारियों, सदन की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे विधानसभा की कार्यवाही और अधिक प्रभावी एवं सार्थक बनेगी।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि चुनाव भले ही वोटों से जीते जाते हों, लेकिन जनता का स्थायी विश्वास केवल सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे बिहार में रोजगार के नए अवसर सृजित करने और युवाओं के पलायन को रोकने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय के साथ जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, संवाद और प्रबोधन कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विधायकों को संसदीय परंपराओं, सदन की कार्यप्रणाली, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र के समापन के बाद सभी विधायकों ने गया और बोधगया के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी किया।
