NEWS PR डेस्क: पटना, 14 जुलाई। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारियों ने रद्द कर दिया है। नामांकन निरस्त होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी उम्मीदवार को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए षड्यंत्र किया गया है। उन्होंने इस फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, समाहरणालय में काफी देर तक मौजूद रहने के बाद तेजप्रताप यादव बाहर निकले और मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
निर्वाचन नियमों के अनुसार प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर 10 प्रस्तावकों (प्रपोजर) के हस्ताक्षर अनिवार्य होते हैं। हालांकि, वीणा मानवी के नामांकन पत्र में केवल 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर ही मिले। निर्धारित संख्या पूरी नहीं होने के कारण तकनीकी आधार पर उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया।

इससे पहले सोमवार को वीणा मानवी को एक कथित धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 420) से जुड़े मामले में नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में सक्रिय हो गए थे।
तेजप्रताप यादव और वीणा मानवी ने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका आरोप है कि विपक्षी दलों के दबाव में प्रशासन ने उन्हें चुनावी मैदान से बाहर करने की कोशिश की है। दोनों नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में नहीं होना चाहिए।
