बिहार में बारिश का कहर: रेलवे ट्रैक डूबे, सड़कें जलमग्न, मगरमच्छ के हमले और आकाशीय बिजली से 10 की मौत

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 20 जुलाई। बिहार में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, रेलवे परिचालन प्रभावित हुआ है और बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। लखीसराय, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, अररिया, जमुई, पश्चिम चंपारण, नालंदा, सारण, सीवान, बक्सर और रोहतास समेत कई जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं।

लखीसराय में रविवार से जारी लगातार बारिश के कारण जमालपुर–किऊल रेलखंड पर कजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। इसके चलते करीब दो घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट, जमालपुर–किऊल डीएमयू और गया–जमालपुर पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। बाद में ट्रैक की निगरानी के बीच ट्रेनों को कम गति से रवाना किया गया।

मुंगेर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद जमालपुर रेल कारखाना के विभिन्न वर्कशॉप में पानी भर गया, जिससे कामकाज ठप हो गया। वहीं खगड़िया, अररिया और जमुई में भी कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बेगूसराय के मंसूरचक प्रखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क जलमग्न हो गई है। जीडी कॉलेज परिसर में भी पानी भर गया है, जबकि सड़क किनारे बसे कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पश्चिम चंपारण के भुलटोला सिरिसिया गांव में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। भपसा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी पार कर रहे किसान केदार बैठा (45) पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

उधर, राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से नौ लोगों की जान चली गई। नालंदा में तीन, सारण (छपरा) और सीवान में दो-दो, जबकि बक्सर और रोहतास में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न हालात को देखते हुए प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अभी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article