सुपौल में पत्नी का अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप, दुबई में रह रहे पति पर साइबर थाने में FIR

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: सुपौल में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने अपने पति के खिलाफ साइबर थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि दुबई में रह रहा उसका पति सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसके अश्लील वीडियो वायरल कर रहा है। साथ ही उसे और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां भी दिलाई जा रही हैं। पीड़िता के आवेदन पर सुपौल साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर वीडियो वायरल करने का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसका पति, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है, उसे बदनाम करने की नीयत से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसके कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहा है। पीड़िता का कहना है कि इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।
मां-बेटी को मिल रहीं जान से मारने की धमकियां
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे और उसकी मां को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। कॉल करने वाले कथित तौर पर कहते हैं कि वे उन्हें कहीं से भी उठवा सकते हैं और गोली मार देंगे। महिला ने आशंका जताई है कि उसका पति विदेश में रहकर ही इन सभी गतिविधियों को संचालित कर रहा है और सोशल मीडिया के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की साजिश रच रहा है।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि इस घटना से उसकी सामाजिक छवि, सम्मान और मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
साइबर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में इस्तेमाल किए गए सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

Share This Article