NEWS PR डेस्क: पटना, 22 जुलाई। बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDC) और Welcomhotel (ITC समूह) के बीच राजगीर स्थित होटल अजातशत्रु बिहार के संचालन के लिए लीज एवं प्रबंधन संबंधी समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में पर्यटन के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। राजगीर, नालंदा, बोधगया सहित अन्य ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधारभूत पर्यटन ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित आतिथ्य समूहों की भागीदारी से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि Welcomhotel (ITC समूह) के माध्यम से होटल अजातशत्रु का संचालन शुरू होने से राजगीर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्ढा एवं कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमीत सिंह कलशी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि राजगीर स्थित लगभग 2.67 एकड़ क्षेत्र में फैले होटल परिसर का संचालन Welcomhotel by ITC के ब्रांड के तहत किया जाएगा। होटल में 104 आधुनिक कमरे, एक विशाल बैंक्वेट हॉल तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अन्य आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को 1 मार्च 2027 तक पूरा कर संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्ढा, कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमीत सिंह कलशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
