NEWS PR डेस्क : गया: पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को गया जिला परिषद परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य लोगों ने स्व. बिंदी प्रसाद यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि स्व. बिंदी प्रसाद यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, दलितों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी पुण्यतिथि पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि आज भी वे लोगों के दिलों में जीवित हैं।
मनोरमा देवी ने कहा कि जिला परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में स्व. बिंदी प्रसाद यादव ने ग्रामीण विकास और जनकल्याण के कई कार्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में उनके निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई, लेकिन समाज सेवा के प्रति उनकी सोच और कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग से उन्हें बेलागंज की जनता की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने सभी लोगों से स्व. बिंदी प्रसाद यादव के आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
वहीं, स्व. बिंदी प्रसाद यादव के पुत्र रॉकी यादव ने कहा कि उनके पिता की पुण्यतिथि पर उनके शुभचिंतक और समर्थक बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्र आंदोलन से जुड़े एक सवाल पर रॉकी यादव ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सब आते रहते हैं और होते रहता है।। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
