NEWS PR डेस्क : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भोजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी थाना कांड संख्या-087/26 के तहत दर्ज मामले में पशु चिकित्सालय, गड़हनी प्रखंड, भोजपुर के कार्यालय परिचारी शिवानन्द कुमार सिंह के आवास और कार्यालय सहित तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, शिवानन्द कुमार सिंह के खिलाफ 1 करोड़ 6 लाख 62 हजार 770 रुपये के प्रत्यानुपातिक धनार्जन (आय से अधिक संपत्ति) का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सह पठित धारा 13(1)(बी) के तहत की गई है।

तीन ठिकानों पर देर रात तक चली तलाशी
माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की तीन अलग-अलग टीमों ने 22 जुलाई 2026 को भोजपुर जिले में अभियुक्त के आवास, घर और कार्यालय की तलाशी ली। कार्रवाई देर रात तक जारी रही। तलाशी के दौरान ब्यूरो की टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात मिले हैं। बरामद दस्तावेजों में—(1) 03 जमीन एग्रीमेंट का कागजात
(2) 15 जमीन के क्रय डीड के कागजात
(3)12 जमीन के विक्रय डीड के कागजात
(4)01 मोरगेज डीड के कागजात
(5) 05 विभिन्न बैंक एकाउंट के कागजात
(6)एक महिंद्रा थार गाड़ी एवं दो मोटरसाईकिल कांड का अनुसंधान कार्य जारी है।
एक करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति का खुलासा
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, प्राथमिकी अभियुक्त शिवानन्द कुमार सिंह और उनकी पत्नी चांदनी सिंह के नाम पर कुल 34 अचल संपत्तियां पाई गई हैं, जिनका अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 11 लाख 76 हजार 250 रुपये बताया गया है। इसके अलावा तीन वाहनों की खरीद और निबंधन की जानकारी मिली है, जिनकी कुल कीमत 17 लाख 24 हजार 187 रुपये बताई गई है। बैंक खातों में 68 हजार 233 रुपये जमा पाए गए हैं। ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त की कुल ज्ञात आय की तुलना में यह संपत्ति करीब 253.8 प्रतिशत अधिक है।
अनुसंधान जारी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि मामले में बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई अनुसंधान के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
