RJD को झटका: लालू यादव के करीबी मृत्युंजय तिवारी बीजेपी में शामिल, बोले- NDA के पास विकास का स्पष्ट विजन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 24 जुलाई। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता, प्रवक्ता और लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे भी उपस्थित रहे। बीजेपी में शामिल होने के बाद वह भावुक नजर आए और कहा, “अब यहीं जियेंगे, यहीं मरेंगे।” उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर अब भारतीय जनता पार्टी के साथ ही आगे बढ़ेगी.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता लेने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्होंने बिहार और देश के विकास की राजनीति से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के पास विकास का स्पष्ट विजन, मजबूत नेतृत्व और जनहित के प्रति समर्पित कार्ययोजना है, जिसके कारण उन्होंने बीजेपी से जुड़ने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में देश और बिहार तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे जनता का भरोसा लगातार एनडीए के प्रति मजबूत हो रहा है।

मृत्युंजय तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास न तो विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा है और न ही जनता के हित में कोई ठोस नीति। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाज़ी से जनता का भला नहीं हो सकता, जबकि आज देश और बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।

Share This Article