NEWS PR डेस्क: पटना, 28 जुलाई। बिहार के शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए दो अहम अपडेट दिए हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि राज्य में स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों के लिए 29 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, बीपीएससी की चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) को लेकर भी विभाग ने अधियाचना मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भेज दी है। अब रिक्त पदों की संख्या का औपचारिक ऐलान मुख्यमंत्री करेंगे।
ऑनलाइन होगी ट्रांसफर प्रक्रिया
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 29 जुलाई से विभाग के विशेष ऑनलाइन पोर्टल पर स्थानांतरण के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इस बार स्थानांतरण नीति का दायरा व्यापक रखा गया है, जिससे विभिन्न श्रेणी के शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत सामान्य विद्यालयों के शिक्षक, बीपीएससी TRE-3 के माध्यम से नियुक्त शिक्षक, प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) और पुस्तकालयाध्यक्ष (लाइब्रेरियन) भी ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग का दावा है कि ऑनलाइन प्रक्रिया से स्थानांतरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी तथा शिक्षकों को अपनी वरीयता के अनुसार गृह जिला या इच्छित प्रखंड में पदस्थापन का अवसर मिलेगा।
TRE-4 भर्ती की तैयारी अंतिम चरण में
शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) को लेकर भी शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भर्ती संबंधी अधियाचना मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दी गई है। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रिक्त पदों की संख्या और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अंतिम घोषणा करेंगे।

मंत्री के बयान के बाद TRE-4 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे युवाओं की निगाहें अब मुख्यमंत्री की घोषणा पर टिकी हैं।
शिक्षकों और अभ्यर्थियों की बढ़ी उम्मीदें
एक ओर जहां हजारों शिक्षकों को स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर TRE-4 की अधियाचना मुख्यमंत्री के पास पहुंचने से नई शिक्षक बहाली की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने के संकेत मिले हैं।
अब शिक्षा विभाग के ट्रांसफर पोर्टल के शुरू होने और मुख्यमंत्री की ओर से TRE-4 में पदों की संख्या की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, जो राज्य के लाखों शिक्षकों और अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
