NEWS PR डेस्क : भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों अपने नए प्रोमो को लेकर चर्चा में है। शो के ताजा प्रोमो में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपने पैतृक गांव फुलवरिया में देसी अंदाज में नजर आए। वहीं, दूसरे प्रोमो में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है।

फुलवरिया पहुंचे तेज प्रताप, साइकिल चलाते और गन्ने का जूस निकालते दिखे
नए प्रोमो में तेज प्रताप यादव अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचते दिखाई देते हैं। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। गांव में पहुंचने के बाद तेज प्रताप काफी सहज और देसी अंदाज में नजर आए। उन्होंने गांव की गलियों में साइकिल चलाई। इसके बाद वह गाय का दूध निकालते और पान खाते भी दिखाई दिए। तेज प्रताप ने खुद गन्ने का जूस निकाला और उसे पीया।
घर से अलग रहने के सवाल पर हुए भावुक
प्रोमो में तेज प्रताप से जब उनके घर से अलग रहने को लेकर सवाल किया गया तो वह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “जब विधाता ने यही लिखा है तो यही सही।” वहीं, जब उनसे लालू यादव की तरह दिखने को लेकर सवाल किया गया तो तेज प्रताप खुशी जाहिर करते नजर आए। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है। उनका कहना था कि हर बेटा चाहता है कि वह अपने पिता की तरह दिखे और उन्हीं की तरह आगे बढ़े और नाम कमाए।
काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच तकरार
‘भोजपुरी बवाल’ के दूसरे प्रोमो में भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियां काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे आमने-सामने नजर आ रही हैं।प्रोमो में काजल राघवानी जिम में वर्कआउट के दौरान अभिनेत्री रानी चटर्जी से अपनी परेशानी साझा करती हैं। काजल का आरोप है कि एक गाना पहले उनके और दिनेश लाल यादव के लिए था, लेकिन बाद में वह गाना आम्रपाली दुबे पर फिल्माया गया।काजल कहती हैं कि उन्हें बाद में पता चला कि गाना उनके ऊपर से हटाकर किसी और पर शिफ्ट कर दिया गया।इसके बाद आम्रपाली दुबे भी अपना पक्ष रखती हैं और दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है।
दिनेश लाल यादव ने काजल के आरोपों पर दिया जवाब
प्रोमो में आम्रपाली दुबे और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव (निरहुआ) वीडियो कॉल पर बातचीत करते नजर आते हैं। इस दौरान दिनेश काजल राघवानी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहते हैं कि उनका आरोप यही है कि उन्हें फिल्मों से निकलवा दिया जाता है। दिनेश आम्रपाली से यह भी कहते हैं कि जब वह खेसारी लाल यादव के साथ लगातार शूटिंग कर रही थीं, तब उनके बारे में भी ऐसी बातें कही जाती थीं। इस पर आम्रपाली काजल की नकल करते हुए जवाब देती नजर आती हैं।
मेरे पास कोई राजनेता नहीं है, मैं अकेली चल रही हूं’
प्रोमो में काजल राघवानी अपने बारे में लगाए जा रहे आरोपों पर भी बात करती हैं। वह कहती हैं कि उनके साथ कोई राजनेता या नेता नहीं है और वह अकेले ही आगे बढ़ रही हैं। काजल के इस बयान के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में उनके पुराने विवादों और आरोपों की चर्चा भी तेज हो गई है।
‘मैं गुजराती हूं, मैं बाहरी हूं’—काजल ने शेयर किया नोट
प्रोमो सामने आने के बाद काजल राघवानी ने इंस्टाग्राम पर एक नोट भी शेयर किया। इसमें उन्होंने खुद को बार-बार ‘आउटसाइडर’ कहे जाने पर नाराजगी जाहिर की। काजल ने लिखा कि वह गुजराती हैं और बाहरी हैं, यह बात उन्हें बार-बार सुनाई गई या महसूस करवाई गई। उन्होंने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री उनकी कर्मभूमि है। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने 16 साल भोजपुरी इंडस्ट्री में काम किया है। उनके मुताबिक, अगर उन्होंने भोजपुरी की जनता, मिट्टी और इंडस्ट्री को अपना नहीं माना होता तो इतने लंबे समय तक यहां टिकना संभव नहीं होता। काजल ने ‘आउटसाइडर विक्टिम कार्ड’ खेलने और सहानुभूति लेकर काम पाने के आरोपों पर भी नाराजगी जताई।
पवन सिंह पर भी लगा चुकी हैं आरोप
यह पहली बार नहीं है जब काजल राघवानी ने भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर कोई बड़ा खुलासा किया हो। इससे पहले उन्होंने अभिनेता पवन सिंह पर भी आरोप लगाया था। एक प्रोमो में काजल ने दावा किया था कि एक किसिंग सीन को लेकर विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, जब उन्होंने सीन करने से मना किया तो पवन सिंह सेट छोड़कर चले गए थे। काजल ने इस दौरान कहा था कि उन्होंने सभी की रिस्पेक्ट की है, लेकिन उनके मुताबिक हर कोई सम्मान के लायक नहीं होता।
अब नए एपिसोड पर टिकी दर्शकों की नजर
‘भोजपुरी बवाल’ के नए प्रोमो में एक तरफ तेज प्रताप यादव का देसी और भावुक अंदाज देखने को मिल रहा है, तो दूसरी तरफ काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच विवाद ने शो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। तेज प्रताप का अपने पैतृक गांव फुलवरिया में साइकिल चलाना, गाय का दूध निकालना और गन्ने का जूस पीना दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है। वहीं, भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े आरोप-प्रत्यारोप के कारण काजल और आम्रपाली वाला प्रोमो भी चर्चा में है। अब देखना होगा कि ‘भोजपुरी बवाल’ के नए एपिसोड में इन विवादों और बयानों को किस तरह पेश किया जाता है।