नई दिल्ली, 06 अगस्त 2026: बिहार में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और लंबित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने को लेकर पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार की कई अहम सड़क योजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में राज्य की सड़क व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और स्वीकृति का आग्रह किया गया।
विक्रमशिला सेतु के समानांतर पॉन्टून ब्रिज समेत कई परियोजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान विक्रमशिला सेतु के समानांतर पॉन्टून ब्रिज के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा मुजफ्फरपुर–बरौनी राष्ट्रीय राजमार्ग-122 के चार लेन चौड़ीकरण, मुजफ्फुरपुर पूर्वी बाईपास निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के नौबतपुर से झारखंड सीमा तक चार लेन सड़क निर्माण, NH-333 और NH-333A से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही हाजीपुर से मुजफ्फरपुर तक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम कांवरिया पथ निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा गया।
कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली योजनाओं को जल्द गति देने का रखा प्रस्ताव
पथ निर्माण मंत्री ने बिहपुर–फुलौत कोसी पुल से बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर–मुशहरी और कहारपुर गांवों को एप्रोच रैम्प के माध्यम से जोड़ने की आवश्यकता पर भी चर्चा की, इसके अलावा भागलपुर–बलदौर NH-133E परियोजना को शीघ्र गति देने तथा हाजीपुर पासवान चौक से बिदुपुर तक गंगा के उत्तरी किनारे एलिवेटेड सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया।
बैठक में विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समानांतर अस्थायी पॉन्टून ब्रिज की आवश्यकता पर भी विशेष चर्चा हुई, साथ ही केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के अंतर्गत बिहार की नई महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं को मंजूरी देने का अनुरोध किया गया। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में अंतरराज्यीय और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय कम होगा, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने बिहार आकर संबंधित परियोजनाओं और प्रस्तावित स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने की बात भी कही। पथ निर्माण मंत्री इं. कुमार शैलेंद्र ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बिहार की सड़क अवसंरचना और मजबूत होगी तथा राज्य के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।