भागलपुर में सावन का पावन महीना चल रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त श्रद्धालु अजगैबीनाथ धाम के अलग-अलग गंगा तटों पर आस्था की डुबकी लगाने के बाद कांवड़ में गंगाजल भरकर झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पैदल रवाना हो रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें, इसे लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पांडे खुद कांवड़िया पथ पर व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
गंगा तट से कांवड़िया पथ तक DM की नजर
देश-विदेश से भागलपुर पहुंचने वाले कांवड़िया श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडे लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। वह अजगैबीनाथ गंगा तट से लेकर भागलपुर जिले में पड़ने वाले पूरे कांवड़िया पथ तक की व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। अधिकारियों को भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे देर रात अधिकारियों के साथ अचानक भागलपुर जिले में पड़ने वाले कच्ची कांवड़िया पथ के धांधी बेलारी पहुंचीं। यहां उन्होंने टेंट सिटी, कच्ची कांवड़िया पथ और धांधी बेलारी में लगाए गए ई-पीपल काउंटिंग मशीन का निरीक्षण किया।
ई-पीपल काउंटिंग मशीन से श्रद्धालुओं की संख्या की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ई-पीपल काउंटिंग मशीन के काम करने के तरीके की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी जाना कि अब तक कितने श्रद्धालु गंगा धाम से बाबा धाम के लिए रवाना हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले कांवड़िया श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं को हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन की व्यवस्था से शिवभक्त खुश
कांवड़ यात्रा के दौरान भागलपुर जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर शिवभक्त श्रद्धालुओं में भी संतोष देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को बेहतर बताया और इसके लिए राज्य सरकार तथा भागलपुर जिला प्रशासन का आभार जताया।
श्रद्धालुओं का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से कई स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा में काफी सहूलियत मिल रही है।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने साफ कहा कि जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़िया पथ से लेकर अन्य प्रमुख स्थानों तक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी किसी तरह की कमी नजर आए, उसे तत्काल दूर किया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि सावन के दौरान अजगैबीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से लेकर बाबा धाम की ओर रवाना होने वाले कांवड़ियों तक सभी को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह