सुपौल में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, अधजली चिता से शव बरामद; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Shreya Raj
घटनास्थल पर पुलिस, मृतका के परिजन और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी।

सुपौल : पिपरा थाना क्षेत्र के दीना पट्टी पंचायत स्थित वार्ड नंबर 12 में सोमवार को 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार करने पहुंचे। इसी दौरान मायके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता को बुझाकर अधजले शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले की जानकारी FSL टीम को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की पहचान दीना पट्टी निवासी रामानंद मुखिया की पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है। रूबी की शादी करीब तीन साल पहले जदिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 निवासी दिलीप मुखिया की बेटी से हुई थी। रूबी और रामानंद की दो छोटी बेटियां हैं। इनमें एक की उम्र करीब 2 साल और दूसरी बच्ची महज 2 महीने की बताई जा रही है। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके मायके वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी फोन के माध्यम से पिपरा थाना पुलिस को दी। मायके वालों का आरोप है कि रूबी कुमारी की ससुराल वालों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर हत्या कर दी और पुलिस या मायके वालों को सूचना दिए बिना शव को जल्दबाजी में जलाने का प्रयास किया।

चिता जलाने के दौरान पहुंची पुलिस, अधजला शव बरामद

सूचना मिलते ही पिपरा थाना अध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ श्मशान घाट पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद ससुराल पक्ष के लोग और अन्य लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने जलती हुई चिता को बुझाया और वहां से अधजले शव को बरामद कर लिया। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने मामले की सूचना FSL टीम को दी। सूचना मिलने पर FSL की टीम श्मशान घाट पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सैंपल जुटाकर जांच शुरू कर दी।

सुबह मजदूरी के लिए निकले थे सास-ससुर और पति

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के पति रामानंद मुखिया, सास और ससुर सोमवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान घर में महिला के फंदे से लटके होने की सूचना परिवार के लोगों को मिली। इसके बाद परिजन घर पहुंचे और शव को आनन-फानन में श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार करने लगे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। मृतका के मायके वालों ने जहां हत्या का आरोप लगाया है, वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की हो सकती है।

पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह

पिपरा थाना अध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और FSL टीम को भी इसकी सूचना दी गई। FSL टीम ने घटनास्थल से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और FSL टीम की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा

Share This Article