मानसून सत्र का आखिरी दिन: वंदे मातरम् के पूर्ण गायन के बाद लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : NEET परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद में जारी राजनीतिक गतिरोध के बीच गुरुवार को मानसून सत्र के अंतिम दिन लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। कार्यवाही स्थगित होने से पहले सदन में वंदे मातरम् का पूर्ण गायन हुआ।

वंदे मातरम् के बाद स्थगित हुई लोकसभा
सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी सांसदों से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के सम्मान में खड़े होने का आग्रह किया। गीत के पूर्ण गायन के बाद उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्र सरकार के मंत्री और अन्य सांसद सदन में मौजूद रहे।
मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन
सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए।
कई मुद्दों पर संसद में गतिरोध
21 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कई बार हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के कारण बाधित हुई। विपक्ष ने NEET प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई के अलावा जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से जुड़े मुद्दे और अयोध्या राम मंदिर चंदे से संबंधित विवाद जैसे मामलों पर चर्चा की मांग की। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों को लेकर लगातार टकराव देखने को मिला। आखिरी दिन भी संसद परिसर में विपक्षी सांसदों का विरोध जारी रहा और इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

Share This Article