पटना में मेट्रो निर्माण के बीच ट्रैफिक मैनेजमेंट पर मंथन, अधिकारियों ने तैयार की रणनीति

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना: मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और सुचारू बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ पटना मेट्रो के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक यातायात (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ), एयरपोर्ट ओपी प्रभारी और अपर ओपी प्रभारी ने पटना मेट्रो के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य से जुड़ी यातायात व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

विकास भवन और विद्युत भवन के आसपास विशेष व्यवस्था
बैठक में विकास भवन एवं विद्युत भवन के आसपास चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। निर्माण कार्य के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई।

अधिकारियों ने निर्माण स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने, ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने तथा आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेट्रो निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य के साथ शहर की सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित यातायात समस्याओं का समय रहते समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

Share This Article