NEWS PR डेस्क : भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर बैजानी पुल के पास गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बाबा बासुकीनाथ धाम से पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं की महिंद्रा थार अचानक सामने आए बाइक सवार युवक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया हालांकि, गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की बात सामने आई है।
अचानक सामने आया बाइक सवार, बचाने में हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बासुकीनाथ धाम से पूजा-अर्चना करने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान बैजानी पुल के समीप अचानक एक बाइक सवार युवक उनके वाहन के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के लिए चालक ने तुरंत गाड़ी मोड़ दी। इसी दौरान महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि थार के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 की टीम और बाईपास थाने को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही बाईपास थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। प्रियंका कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोनों पक्षों ने आपस में सुलझाया मामला
बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बाइक सवार युवक को बचाने के प्रयास में श्रद्धालुओं की गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि उसमें सवार श्रद्धालुओं को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने आपस में बातचीत कर मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।
हादसे में महिंद्रा थार को काफी नुकसान हुआ, लेकिन गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित बच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह