GD Goenka Public School Purnia में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

Rashmi Tiwari

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्णिया, 15 अगस्त 2026:जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्णिया के अपर समाहर्ता राज कुमार गुप्ता रहे। विद्यालय के बैंड की मधुर धुनों के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।मुख्य अतिथि राज कुमार गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। विद्यार्थियों ने शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने मनमोहक देशभक्ति समूहगान प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन ने समारोह में विशेष ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।

समारोह के दौरान वर्ष 2025-26 की शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सभी कक्षाओं के विभिन्न वर्गों के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों तथा प्रत्येक कक्षा के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी को मुख्य अतिथि श्री राज कुमार गुप्ता के हाथों स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने उनकी मेहनत, लगन एवं निरंतर प्रयासों की सराहना की।

खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2026 की सीबीएसई पूर्वी क्षेत्र तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली कक्षा नौवीं की छात्रा सुश्री सौम्या कुमारी तथा कांस्य पदक विजेता आनंद राज को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धियों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के वाइस चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित अवसर एवं मार्गदर्शन प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है।

मुख्य अतिथि राज कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों, अनुशासन एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

विद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल बेहतर विद्यार्थी बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें संवेदनशील, आत्मविश्वासी, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियाँ एवं उपलब्धियाँ विद्यालय की इसी समग्र शिक्षा एवं प्रतिबद्धता का प्रमाण बनीं।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, वाइस चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता, निदेशक राजेश अग्रवाल, निदेशक अशोक सराफ, निदेशक-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, वाइस प्रिंसिपल राज कुमार दास, प्रशासक प्रीतम दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेनी पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) राहुल शांडिल्य, समन्वयकगण, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।समारोह के अंत में वाइस प्रिंसिपल राज कुमार दास ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।“तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है।”

Share This Article