NEWS PR डेस्क: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा के पैटर्न को लेकर अभ्यर्थियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 की तर्ज पर परीक्षा कराने की मांग के बीच PT और MAINS व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि परीक्षा में नया पैटर्न लागू किया जाना है तो इसे TRE-5 से शुरू किया जाए। इसी बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 परीक्षा के पैटर्न को लेकर शिक्षा विभाग की भूमिका स्पष्ट कर दी है।

गोपालगंज दौरे के दौरान जब शिक्षा मंत्री से इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि परीक्षा का पैटर्न तय करना शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। विभाग की भूमिका अधियाची विभाग के रूप में है और TRE-4 को लेकर जरूरी अधियाचना पहले ही भेजी जा चुकी है।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट की विभाग की भूमिका
TRE-4 परीक्षा के पैटर्न को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि परीक्षा का पैटर्न तय करना शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में शिक्षा विभाग की भूमिका अधियाची विभाग के तौर पर है।शिक्षा मंत्री के मुताबिक, विभाग की ओर से भेजी जाने वाली अधियाचना भेजी जा चुकी है। अब परीक्षा आयोजित करने और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया संबंधित परीक्षा एजेंसी के स्तर पर होगी।
रिजल्ट के बाद शिक्षा विभाग की होगी यह जिम्मेदारी
मिथिलेश तिवारी ने बताया कि परीक्षा और रिजल्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका नियुक्ति से संबंधित होगी। परिणाम मिलने के बाद विभाग अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा और नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।ऐसे में TRE-4 का परीक्षा पैटर्न, PT-MAINS की व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े अन्य तकनीकी फैसले शिक्षा विभाग के सीधे अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं।