गंडक में 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव का अलर्ट, पश्चिम चंपारण में हाई अलर्ट; बेतिया में NDRF तैनाती की तैयारी

Shreya Raj
संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर नदी किनारे हालात का जायजा लेते प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग।

NEWS PR डेस्क : नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति के बाद बिहार में गंडक नदी को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है। स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय बैठक की और पश्चिम चंपारण समेत गंडक नदी से जुड़े सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बेतिया में NDRF टीम की तैनाती की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।

पश्चिम चंपारण समेत गंडक से जुड़े जिलों को अलर्ट

नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए गंडक नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है।

पश्चिम चंपारण जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन को संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति में प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी पहले से रखने को कहा गया है।

बेतिया में दो घंटे के भीतर NDRF तैनाती की कार्रवाई

संभावित खतरे को देखते हुए बेतिया में NDRF टीम की तैनाती करीब दो घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की कार्रवाई चल रही है। राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन को सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नाव, शेल्टर और सामुदायिक रसोई की तैयारी के निर्देश

प्रशासन को पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों के लिए शेल्टर होम तैयार रखने को कहा गया है। इसके अलावा प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पूरी निकासी योजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गंडक नदी और फ्लैश फ्लड को लेकर फैलने वाली किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। लोगों को केवल प्रशासन और अन्य आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाने वाली सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासन संभावित फ्लैश फ्लड की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article