सैनिक भाइयों की कलाई पर सजी राखी, दानापुर रेजिमेंट सेंटर में दिखा देशभक्ति और भाई-बहन का प्यार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर स्थित बिहार रेजिमेंट सेंटर का मौर्य पार्क रक्षाबंधन के मौके पर देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं और स्वास्तिक परिवार की बहनों ने सेना के अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी। राखी बंधते ही जवानों के चेहरों पर खुशी के साथ भावुकता भी दिखाई दी।

छात्राओं ने जवानों को राखी के साथ शुभकामना संदेश वाले कार्ड भी भेंट किए। वहीं, सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए भी रक्षा सूत्र भेजे गए, ताकि वे त्योहार के मौके पर खुद को परिवार से दूर महसूस न करें। कार्यक्रम के दौरान सेना के बैंड ने देशभक्ति की मनमोहक धुनें प्रस्तुत कीं। बैंड की धुनों और भारत माता के जयकारों से पूरा कैंटोनमेंट परिसर राष्ट्रप्रेम के जज्बे से गूंज उठा।

बिहार रेजिमेंट सेंटर के उप समादेष्टा संजीव कुमार ने कहा कि सैन्य ड्यूटी के कारण जवान कई बार रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी परिवार से दूर रहकर मनाते हैं। ऐसे में बच्चों और बहनों के हाथों से बंधी राखी उन्हें परिवार के स्नेह और अपनत्व का एहसास कराती है। उन्होंने कहा कि यह रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, आशीर्वाद और हौसले का प्रतीक है।

इस अवसर पर मेजर जयवीर, सेंट्रल एसएम ऑनरेरी लेफ्टिनेंट प्रकाश चंद्र अरिसल समेत सेना के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल छात्राओं ने भी इसे गर्व और भावुकता से भरा अनुभव बताया। रितिका ने कहा कि सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का पल है। वहीं अनन्या श्री ने कहा कि बचपन से उनके मन में सवाल था कि सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी कौन बांधता होगा, लेकिन आज उन्हें खुद सैनिकों के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिला। यह आयोजन इस संदेश के साथ खास बन गया कि देश की रक्षा करने वाले जवान भले ही अपने परिवार से दूर हों, लेकिन पूरा देश उनके साथ एक परिवार की तरह खड़ा है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article