ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता, 34.75 लाख के 85 गुम-चोरी मोबाइल बरामद; मालिकों के खिले चेहरे ,!

Muskan Gupta

गया पुलिस प्रशासन के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 85 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि टेक्निकल सेल और CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया।

पिछले छह महीनों में ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस 300 से अधिक मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटा चुकी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में सनहा या एफआईआर दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर, सिम संबंधी जानकारी और शिकायत की प्रति अपलोड करें।

नया सिम लगने पर सिस्टम से अलर्ट मिलने के कारण मोबाइल को ट्रैक करना आसान होता है।

मोबाइल वापस पाने वाली रघुकुल इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिका अपराजिता ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले अपनी मेहनत की कमाई से आईफोन खरीदा था। नवंबर 2025 में फोन गुम हो गया था। अब फोन सही स्थिति में वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। पुलिस ने कहा कि अन्य गुम मोबाइलों को भी सक्रिय होने पर ट्रैक कर बरामद करने का प्रयास जारी है।

गया से आशिस कुमार की रिपोर्ट ;—

Share This Article