शराबबंदी वाले बिहार में हड़कंप, 4 युवकों की मौत; पुलिस ने 42 लोगों को पकड़ा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क ; पटना में शराबबंदी के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला बेढ़ना गांव में रविवार को संदिग्ध शराब पार्टी के बाद चार युवकों की मौत हो गई। अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान विकास, शशि, पंकज और मोनू की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए SIT गठित की है। साथ ही FSL की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।


कैसे सामने आया पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि सैदपुर टोला में कुछ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों और पुलिस की मदद से बीमार लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और मोनू के रूप में हुई है।


जहरीली शराब का शक, लेकिन रिपोर्ट का इंतजार
शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस को मिलावटी या जहरीली शराब के सेवन की आशंका है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।


50 से ज्यादा लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। SIT में बाढ़-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाढ़ थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी और हाथीदह अंचल निरीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं। बाढ़ थाने में इस मामले को लेकर कांड संख्या 587/26 दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार FIR में 42 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।


36 घंटे तक चला विशेष अभियान
घटना के बाद पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी, खरीद-बिक्री और सेवन के खिलाफ इलाके में विशेष अभियान चलाया। करीब 36 घंटे के इस अभियान में पुलिस ने 42 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब या अन्य मादक पदार्थ कहां से आया और इस पूरे मामले के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी सच्चाई। पुलिस ने साफ किया है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश जारी है।

Share This Article