NEWS PR डेस्क: पटना जंक्शन पर यात्रियों के मोबाइल, बैग और कीमती सामान चोरी करने वाले महिला गिरोह के खिलाफ RPF और GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने गिरोह से जुड़ी आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चोरी का एक स्मार्टफोन, चांदी की एक चेन, हनुमान जी के दो लॉकेट, दुर्गा जी का एक लॉकेट और चांदी की तीन बिछिया बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं भीड़भाड़ वाली जगहों और ट्रेनों में यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी करती थीं।
उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं आरोपित महिलाएं
गिरफ्तार महिलाओं में सात उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के कुंडू गांव और कुंडू थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। इनमें पूजा देवी, किरण देवी, शीला देवी, रागनी देवी, छिड़ई देवी, अंजोरी देवी और शिवानी कुमारी शामिल हैं वहीं, आठवीं आरोपित जमुना देवी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के काली टोला थाना क्षेत्र स्थित बलरामपुर पटरी की रहने वाली है। पूछताछ में पुलिस को गिरोह के संगठित तरीके से ट्रेनों और रेलवे परिसरों में चोरी करने की जानकारी मिली है।
भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच यात्रियों को बनाती थीं निशाना
पुलिस के मुताबिक, महिलाएं खास तौर पर भीड़भाड़ वाले कोच और ट्रेन के दरवाजों के आसपास यात्रियों को निशाना बनाती थीं। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली धक्का-मुक्की के बीच मौका देखकर मोबाइल, बैग, सामान, लैपटॉप, चेन, लॉकेट और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लेती थीं। सो रहे यात्रियों को भी निशाना बनाया जाता था। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और चार्जिंग प्वाइंट भी इनके निशाने पर रहते थे। चार्जिंग में लगे मोबाइल और यात्रियों की जेब से सामान निकालने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
RPF ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की
RPF पटना पोस्ट के इंस्पेक्टर साकेत कुमार ने यात्रियों से अपने सामान और निजी सुरक्षा को लेकर सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के पहनावे, व्यवहार या महिला-पुरुष होने के आधार पर सुरक्षा में लापरवाही नहीं करनी चाहिए। यात्रियों को ट्रेन के दरवाजे और खिड़की के पास मोबाइल इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने, गले की चेन और आभूषण सुरक्षित रखने तथा अपना मोबाइल, पर्स या अन्य कीमती सामान किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने की सलाह दी गई है। सोते समय सामान को सुरक्षित रखने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत RPF या GRP को देने की अपील भी की गई है।