बगहा अनुमंडलीय अस्पताल की बदली तस्वीर, डॉ. विजय कुमार ने किए 8 हजार से ज्यादा सफल ऑपरेशन

Shreya Raj
अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में मरीजों और परिजनों से बातचीत करते डॉ. विजय कुमार, सरकारी अस्पताल में बेहतर सर्जरी सुविधा से बढ़ा मरीजों का भरोसा।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. विजय कुमार सरकारी अस्पताल में बेहतर सर्जरी सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर मरीजों के बीच भरोसे का नाम बन चुके हैं। जुलाई 2020 में अस्पताल में योगदान देने के बाद शुरुआत में उनसे मुख्य रूप से ओपीडी सेवा ली जाती थी। जटिल मामलों में मरीजों को इलाज के लिए बेतिया रेफर किया जाता था। इसके बाद डॉ. विजय कुमार ने तत्कालीन अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसपी अग्रवाल और तत्कालीन सिविल सर्जन से स्थानीय स्तर पर सर्जरी की सुविधा शुरू करने की अनुमति मांगी।

छह साल में 8 हजार से ज्यादा ऑपरेशन

अनुमति मिलने के बाद डॉ. विजय कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल में छोटे-बड़े ऑपरेशन शुरू किए। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही सर्जरी की सुविधा मिलने लगी और अस्पताल के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा। डॉ. विजय कुमार के अनुसार, पिछले करीब छह वर्षों में उन्होंने 8 हजार से अधिक छोटे-बड़े ऑपरेशन किए हैं।

इनमें 100 से ज्यादा ऐसे गंभीर मरीज शामिल हैं, जिनकी समय पर सर्जरी नहीं होने पर स्थिति जानलेवा हो सकती थी। समय पर ऑपरेशन कर इन मरीजों की जान बचाने में सफलता मिली। इससे सरकारी अस्पताल में सर्जरी को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ।

15 लाख रुपये के इलाज से बचा परिवार, अस्पताल में हुआ सफल ऑपरेशन

बगहा-1 प्रखंड के छोटकी पट्टी बड़गांव निवासी श्रवण दास का मामला भी इसी भरोसे की मिसाल है। श्रवण दास लंबे समय से इलाज के लिए अलग-अलग जगहों पर भटक रहे थे। उनके इलाज में करीब 15 लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई थी, जिसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए वहन करना मुश्किल था।

बाद में उन्हें डॉ. विजय कुमार के बारे में जानकारी मिली। अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उनका ऑपरेशन किया और बिना किसी निजी खर्च के उनका इलाज सफल रहा। श्रवण दास डॉ. विजय कुमार को अपने लिए भगवान के समान मानते हैं और डॉक्टर के अस्पताल पहुंचने पर उनसे मिलने और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं।

सीजेरियन ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा सुरक्षित

बगहा नगर परिषद के वार्ड नंबर 24 स्थित मस्तान टोला निवासी मिराज आलम की पत्नी शबाना खातून का भी अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. विजय कुमार ने सिजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

मिराज आलम ने बताया कि पहले सरकारी अस्पताल का नाम सुनकर डर लगता था, लेकिन डॉ. विजय कुमार के इलाज से उनका भरोसा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान निजी अस्पताल की तरह बड़ा खर्च नहीं हुआ। वहीं, वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने अस्पताल निरीक्षण के दौरान डॉ. विजय कुमार के कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उनके इलाज पर केवल बगहा ही नहीं, बल्कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र के मरीजों का भी भरोसा है। तत्कालीन अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसपी अग्रवाल ने भी बताया कि वर्ष 2020 में डॉ. विजय कुमार ने ऑपरेशन शुरू करने की पहल की थी। उनके प्रयास से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया और अस्पताल की प्रतिष्ठा बढ़ी।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article