बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी के परिवार से मंगलवार को दुखद खबर सामने आई। रानी की मां और बंगाली सिनेमा की जानी-मानी प्लेबैक सिंगर कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। यशराज फिल्म्स (YRF) ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी। परिवार ने इस मुश्किल समय में मीडिया और प्रशंसकों से निजता बनाए रखने की अपील की है।

YRF ने अपने बयान में कहा कि भारी मन से कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी साझा की जा रही है। परिवार ने लोगों के प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार जताया और इस कठिन वक्त में प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की।
बता दें कि कृष्णा मुखर्जी का भारतीय सिनेमा, खासकर बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से गहरा जुड़ाव रहा। वह पेशेवर प्लेबैक सिंगर थीं और उन्होंने कई फिल्मों के लिए अपनी आवाज दी। 1980 के दशक में भी उन्होंने कई चर्चित गीत गाए। साल 1982 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीसरी आंख’ का ‘ईद के दिन गले मिल ले राजा’ उनका चर्चित गीत था। इसका संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था।
वहीं रानी मुखर्जी अपनी मां के बेहद करीब थीं। अवॉर्ड समारोहों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में दोनों अक्सर साथ नजर आती थीं। रानी कई मौकों पर अपनी सफलता में मां के योगदान का जिक्र कर चुकी हैं।
2025 में रानी ने एक पुराने इंटरव्यू का किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि उनका पहला स्क्रीन टेस्ट देखने के बाद कृष्णा मुखर्जी ने उनकी एक्टिंग को पसंद नहीं किया था। रानी के मुताबिक, उनकी मां ने प्रोड्यूसर से कहा था कि रानी को फिल्म में लेने से फिल्म खराब हो सकती है। कृष्णा मुखर्जी के निधन से मुखर्जी परिवार में शोक का माहौल है।

Share This Article