NEWS PR डेस्क:Noida Bus Fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक प्राइवेट स्लीपर AC बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर हुआ।

35 यात्री थे सवार
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार रात साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर हुआ।राज कल्पना ट्रैवल्स की बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी करीब 20 यात्रियों को रेस्क्यू किया।
आग बुझाने में लगे 45 मिनट
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। हादसे में शव बुरी तरह जल गए हैं, जिससे मृतकों की पहचान करने में परेशानी आ रही है। पहचान के लिए आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
AC में स्पार्क या ब्लास्ट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यात्रियों ने ड्राइवर पर लगाए गंभीर आरोप
हादसे के बाद एक यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बावजूद ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। यात्री के मुताबिक, बस के अंदर धुआं भरने लगा और यात्रियों ने शोर मचाकर बस रोकने के लिए कहा। इसके बाद कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ना शुरू किया, तब बस रोकी गई। यात्री ने ड्राइवर पर कथित तौर पर यात्रियों को डांटने और बस नहीं रोकने का आरोप भी लगाया है।
ड्राइवर और कंडक्टर हिरासत में
पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और बस संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे की दिल्ली-आगरा लेन करीब दो घंटे तक प्रभावित रही। आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे की जांच में जुटे हैं। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।