औरंगाबाद में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, CSP संचालक को गोली मारकर लूट

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:औरंगाबाद: जिले के फेसर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक ऑफ बड़ौदा के CSP संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद अपराधी करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लूटकर बाइक से फरार हो गए। गोली CSP संचालक की जांघ में लगी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल की पहचान पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। प्रदीप कुमार कुरुहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का CSP चलाते हैं।
ओवरटेक कर अपराधियों ने रोकी बाइक
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप कुमार अपने घर से CSP खोलने के लिए कुरुहमा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। बाइक रुकवाने के बाद अपराधियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान एक और अपराधी मौके पर पहुंच गया। अपराधियों ने हथियार के बल पर प्रदीप कुमार से रुपये और सामान छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर एक अपराधी ने उन्हें जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रदीप कुमार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उनके पास मौजूद करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लेकर बाइक से फरार हो गए।
गंभीर हालत में गया रेफर
घटना के बाद घायल प्रदीप कुमार ने किसी तरह आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है। औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट

Share This Article