BPSC TRE-4: अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 932 पद बढ़ाए गए; 26 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 के तहत रिक्तियों की संख्या में बढ़ोतरी की है। आयोग ने भर्ती में 932 अतिरिक्त पद शामिल किए हैं। इसके बाद TRE-4.0 के तहत अब कुल 33,320 पदों पर भर्ती की जाएगी। पदों में हुई इस बढ़ोतरी से भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसरों की संख्या भी बढ़ गई है।

माध्यमिक और उच्च माध्यमिक में बढ़े पद
BPSC की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, बढ़ाए गए 932 पदों में माध्यमिक विद्यालयों के विद्यालय अध्यापक के 493 पद शामिल हैं। वहीं, उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यालय अध्यापक के 439 पद जोड़े गए हैं। इस तरह दोनों स्तरों पर कुल 932 अतिरिक्त रिक्तियां बढ़ाई गई हैं।इससे पहले BPSC ने 22 सितंबर 2026 को TRE-4.0 के तहत 32,388 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। बाद में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) से प्राप्त संशोधित एवं पूरक अधियाचनाओं के आधार पर रिक्तियों की संख्या में संशोधन किया गया।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
संशोधन के बाद कक्षा 9 से 10 के लिए पदों की संख्या 3,877 से बढ़कर 4,370 हो गई है। इसी तरह कक्षा 11 से 12 के लिए पद 16,101 से बढ़कर 16,540 हो गए हैं। वहीं, कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847 और कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस तरह TRE-4.0 में कुल 33,320 पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ है।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें नोटिफिकेशन
अभ्यर्थी पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी, संशोधित रिक्तियों और भर्ती से जुड़े अन्य अपडेट के लिए BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जारी नोटिफिकेशन देख सकते हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आगे की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।

Share This Article