दानापुर में हुआ भव्य फ्लैग-ऑफ,14वीं बिहार बटालियन की बाइक रैली गया-धनबाद के लिए रवाना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर: बिहार रेजिमेंट की प्रतिष्ठित 14वीं बिहार बटालियन के गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर ‘प्रोजेक्ट शौर्य संबंध’ के अंतर्गत आयोजित स्वर्ण जयंती मोटरसाइकिल रैली 30 सितंबर 2026 को अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा, कमांडेंट, बिहार रेजीमेंटल सेंटर ने एक गरिमापूर्ण समारोह के दौरान प्रातः 0700 बजे रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली की शुरुआत 24 सितंबर 2026 को फोर्ट विलियम (विजय दुर्ग), कोलकाता से हुई थी। ओडिशा और झारखंड के विभिन्न सैन्य क्षेत्रों से होते हुए 12 बहादुर राइडरों की टीम 28 सितंबर की शाम बिहार रेजीमेंटल सेंटर, दानापुर छावनी पहुंची। दानापुर में अपने प्रवास के दौरान, 29 सितंबर को रैली टीम ने दानापुर स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से मुलाकात की। टीम के सदस्यों ने उनके अनुभव साझा किए, उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली तथा राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित किया।

आज प्रातः आयोजित फ्लैग-ऑफ समारोह के दौरान संपूर्ण दानापुर छावनी ‘भारत माता की जय’ और रेजीमेंटल नारों से गूंज उठी। इस अवसर पर बिहार रेजीमेंटल सेंटर के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCOs) और बड़ी संख्या में सैनिक उपस्थित रहे। ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा, कमांडेंट, बिहार रेजीमेंटल सेंटर ने राइडरों का उत्साहवर्धन किया, उनके अनुशासन की सराहना की तथा लगभग 1,840 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के सफल समापन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

दानापुर से रवाना होने के बाद रैली अब गया और धनबाद होते हुए आगे बढ़ेगी। मार्ग में स्थानीय युवाओं को भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं से अवगत कराने और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ टीम कोलकाता लौटेगी, जहां इस भव्य यात्रा का औपचारिक रूप से समापन होगा।

Share This Article