खगड़िया स्कूल हादसे पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Rashmi Tiwari

बिहार के खगड़िया जिले से सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था को उजागर करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। स्कूल की जर्जर सीढ़ी अचानक ढहने से एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद घायल बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी देखने को मिली।
लंबे समय से जर्जर था स्कूल भवन
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि स्कूल भवन की स्थिति लंबे समय से खराब थी। इसके बावजूद जर्जर हिस्से की मरम्मत या सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। अब सीढ़ी गिरने की घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने लिया संज्ञान
इस हादसे को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गहरा दुख जताया है। कटिहार में एक विभागीय बैठक में पहुंचे शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार घटना को गंभीरता से ले रही है। मंत्री ने बताया कि घटना की जांच रिपोर्ट तत्काल तलब की गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि किसी अधिकारी या संबंधित व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर की होगी समीक्षा
शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर और भवनों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। जर्जर भवनों और स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।

Share This Article