रामविलास पासवान की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाने का ऐलान,चिराग ने कहा- भावुक पल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान की जयंती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अब हर साल 5 जुलाई को रामविलास पासवान की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। सरकार के इस फैसले के बाद रामविलास पासवान के बेटे और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री समेत केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं का आभार जताया है।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि रामविलास पासवान ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को सम्मान देते हुए आगामी वर्ष से उनकी जयंती 5 जुलाई को राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के इस महान सपूत के प्रति श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक बताया।
चिराग पासवान ने जताया आभार
बिहार सरकार के फैसले पर चिराग पासवान ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। चिराग ने कहा कि उनके पिता का जीवन सिर्फ राजनीतिक सफर नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय, वंचितों की आवाज और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित संघर्ष था।
‘गर्व का पल’, चिराग ने कही ये बात
चिराग पासवान के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नितिन नबीन ने फोन कर उन्हें इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने का निर्णय उनके परिवार के लिए गर्व और भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और मूल्यों की विरासत आगे भी लोगों को प्रेरित करती रहेगी। चिराग ने अपने पिता के अधूरे सपनों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

Share This Article