पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां चखनी रजवटिया में बड़ा हादसा: महिला की गर्दन में घुसा हंसिया, आधे घंटे की सर्जरी के बाद निकाला गया,
बगहा, पश्चिम चंपारण चखनी रजवटिया पंचायत में बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को छुड़ाने गई एक महिला की गर्दन में हंसिया घुस गया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया।
घायल महिला की पहचान चखनी गांव निवासी संजय कुमार यादव की 40 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, निर्मला देवी घास काटने के लिए जा रही थीं। इस दौरान उन्होंने हंसिया अपने कंधे पर रखा हुआ था। रास्ते में दो बच्चों के बीच झगड़ा हो रहा था। महिला झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचीं, तभी किसी बच्चे का हाथ हंसिया पर लग गया। इससे हंसिया उनकी गर्दन के बाईं ओर करीब दो इंच तक घुस गया।
घटना के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सक डॉ. राम प्रवेश भारती ने बताया कि सर्जरी कर हंसिया निकाल दिया गया। करीब आधे घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद हंसिया निकाला जा सका।