पटना: नौकरी दिलाने का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना के खगौल थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पीड़िता को मेडिकल जांच और इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
गेस्ट हाउस के कमरे में वारदात का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग की पहले से एक युवक से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवक ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और खगौल थाना क्षेत्र के ददन हांडी रोड स्थित सैनिक गेस्ट हाउस ले गया। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 में नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि खगौल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दानापुर-खगौल क्षेत्र स्थित सैनिक गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक नाबालिग के साथ गलत काम किया गया है।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए पटना एम्स भेजा गया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और उपलब्ध तथ्यों के सत्यापन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article