चार साल से ध्वस्त पुलिया, ग्रामीणों ने खुद बनाया अस्थायी रास्ता !

Muskan Gupta


पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज प्रखंड के नौतनवा गांव स्थित कौआबाड़ी सरेह में चार साल से ध्वस्त पुलिया के कारण परेशान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से अस्थायी रास्ता तैयार कर लिया है। ग्रामीणों ने सीमेंटेड पाइप लगाकर और मिट्टी भरवाकर आवागमन की व्यवस्था की है।

दरअसल, कौआबाड़ी सरेह के पोइन पर बनी पुलिया करीब चार साल पहले ध्वस्त हो गई थी। इससे किसानों को सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि तक पहुंचने और गन्ने की फसल खेतों से बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि कई किसान गन्ने की खेती से भी कतराने लगे थे।


इस रास्ते से फुलवरिया, जमुनिया, पचमवा और नौतनवा गांव के लोग आवागमन करते हैं। पुलिया टूटने से पंचायत मुख्यालय पहुंचने के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।


ग्रामीण तेजामुल, नसीम अख्तर, कयामुद्दीन, अमशुल शेख, जाकिर उर्फ गुड्डू और शेख गुलाब समेत अन्य लोगों ने बताया कि चार वर्षों से समस्या झेल रहे थे। फिलहाल ग्रामीणों की पहल से आवागमन आसान होने और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article