NEWS PR डेस्क : बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए 4 नवंबर का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, वेतन विसंगति और सेवा से जुड़े मुद्दों पर शिक्षा विभाग में अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में शिक्षकों से जुड़े कुल 29 एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। ऐसे में राज्य के लाखों शिक्षकों की निगाहें अब शिक्षा विभाग की इस बैठक पर टिकी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल समेत सभी निदेशक शामिल होंगे। बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण और पदस्थापन की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
ट्रांसफर-पोस्टिंग का शेड्यूल हो सकता है जारी
बैठक का सबसे अहम मुद्दा शिक्षकों का ट्रांसफर-पोस्टिंग रहने वाला है। बताया जा रहा है कि 4 नवंबर को ही स्थानांतरण और पदस्थापन की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया जा सकता है। इससे शिक्षकों को आवेदन करने की तारीख, प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
जिला स्तर पर लागू होंगे विभागीय फैसले
बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों को जिला स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू कराने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके लिए सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों यानी DEO और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों यानी DPO को विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
वेतन विसंगति पर भी होगी चर्चा
शिक्षकों की वेतन विसंगति भी बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल है। लंबे समय से वेतन और सेवा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे शिक्षकों को इस बैठक से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 4 नवंबर की बैठक में शिक्षकों के हित में क्या फैसले लिए जाते हैं और ट्रांसफर-पोस्टिंग का शेड्यूल कब से लागू होगा। अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग की इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं।
बिहार शिक्षा विभाग की बड़ी बैठक कल, ट्रांसफर-पोस्टिंग समेत 29 मुद्दों पर होगी चर्चा