दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW देंगे अनंत सिंह, शादी में घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से होने वाले महंगे गिफ्ट की है। बताया जा रहा है कि वह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2 से 2.50 करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। गाड़ी पटना पहुंच चुकी है।

बेटे को भी देंगे BMW कार
बेटी शिवांगी की शादी के साथ अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी होगा। इस मौके पर वह अपने बेटे को BMW कार गिफ्ट करने वाले हैं। शादी में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल और मंडप तैयार किया जा रहा है। जयमाला के लिए 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है, जिसकी थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर रखी गई है।
बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों का लगेगा जमावड़ा
शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल के पहुंचने की भी तैयारी है। सजावट के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं।
4 लाख लोगों के लिए 150 से ज्यादा व्यंजन
अनंत सिंह के मुताबिक, शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार होंगे। मेन्यू में काजू कतली, सिलाव खाजा समेत बिहार के पारंपरिक व्यंजन शामिल रहेंगे।
घुड़दौड़ के विजेताओं को मिलेंगे बड़े इनाम
शादी के दौरान घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके लिए 12 बीघा जमीन पर मैदान तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे को मोटरसाइकिल और तीसरे को स्कूटी दी जाएगी।प्रतियोगिता 25 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है।
देश के बड़े नेताओं को न्योता
अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेताओं को शादी में आमंत्रित करने की इच्छा जताई है। उनकी बेटी शिवांगी की शादी पटना के बिहटा निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया है और करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं।

Share This Article