NEWS PR डेस्क :पटना के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए गंगा की सैर अब एक नए अंदाज में होने जा रही है। अब महज 50 रुपये खर्च कर आप आधुनिक और वातानुकूलित वाटर मेट्रो से गंगा की लहरों पर सफर कर सकेंगे। दीघा घाट से गांधी घाट तक शुरू होने वाली इस सेवा से राजधानी में जल पर्यटन को नया विकल्प मिलेगा। मंगलवार से शुरू होने वाली वाटर मेट्रो सेवा को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस वाटर मेट्रो से दीघा घाट से गांधी घाट तक का सफर करीब 40 मिनट में पूरा होगा। वयस्क यात्रियों के लिए टिकट की कीमत 50 रुपये रखी गई है। वहीं, पांच साल से कम उम्र के बच्चों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि 5 से 12 साल तक के बच्चों का किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
वाटर मेट्रो में एक बार में 50 यात्री सफर कर सकेंगे। पूरी तरह वातानुकूलित इस जलयान में शौचालय और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी। खास बात यह है कि वाटर मेट्रो में हाइब्रिड इंजन लगाया गया है, जिससे विद्युत ऊर्जा के जरिए इसका परिचालन होगा। इसका उद्देश्य गंगा में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ प्रदूषण को कम रखना है।
फिलहाल यात्रियों को दीघा घाट स्थित टिकट काउंटर से टिकट लेना होगा। पर्यटन विभाग जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी में है। इसके अलावा दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर बैटरी चार्जिंग की व्यवस्था की गई है। भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है। इससे पटना में गंगा पर्यटन और जलमार्ग से आवागमन के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।