NEWS PR डेस्क : गयाजी में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आस्था, उत्साह और पारंपरिक शौर्य का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़की डेल्हा परैया रोड पर गोकुल क्लब की ओर से भव्य गोवर्धन पूजा शोभायात्रा निकाली गई। हाथी, घोड़े, ऊंट और आकर्षक रथ के साथ निकली इस शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य प्रतिमा लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। वहीं, युवाओं के लाठी के हैरतअंगेज करतब और करीब 30 फीट लंबे पटाखे का प्रदर्शन भी चर्चा का विषय बना रहा।
तस्वीरें गयाजी के बड़की डेल्हा परैया रोड की हैं, जहां गोवर्धन पूजा को लेकर सुबह से ही उत्सवी माहौल देखने को मिला। गोकुल क्लब की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में यदुवंशी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा को आकर्षक रथ पर विराजमान किया गया था। हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ निकली शोभायात्रा ने लोगों को पारंपरिक शानो-शौकत का एहसास कराया।
ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर युवा झूमते नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस दौरान युवाओं ने करीब 30 फीट लंबे पटाखे को उठाकर अनोखा प्रदर्शन किया। वहीं, लाठी चलाने के रोमांचक करतबों ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
शोभायात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। जगह-जगह लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का स्वागत किया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुलवासियों और गोवंश की रक्षा करने की पौराणिक मान्यता से जुड़ी है।
इस आयोजन में सूरज नारायण यादव, रवि कुमार, संजय यादव, गौतम कुमार, सीखेदर यादव, सत्येंद्र यादव, दुर्गा यादव, अन्ना कुमार, अमित कुमार, अनुज कुमार, सागर कुमार और कमलेश यादव सहित गोकुल क्लब के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
आशीष कुमार की कुमार की रिपोर्ट ;-