NEWS PR डेस्क:असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके दिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है, हालांकि अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मिजोरम से कोलकाता जा रही ट्रेन संख्या 13125 को बुधवार, 11 नवंबर की सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर दिगारू रेलवे स्टेशन के पास दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घटनास्थल पर रिकवरी ट्रेन भेजी गई है, ताकि दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को हटाकर रेलवे ट्रैक को साफ किया जा सके। रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे की टीम यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटी है।
फिलहाल हादसे में घायल यात्रियों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से राहत एवं बहाली का काम जारी है। असम के इस रेल हादसे ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।