NEWS PR डेस्क : कटिहार में छठ घाट की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से भगवान कृष्ण की मूर्ति मिलने के बाद इलाके में हलचल मच गई है। मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौके पर पहुंचने लगे। कोई इसे भगवान का चमत्कार मान रहा है तो कोई इसके पीछे सदियों पुराना इतिहास तलाश रहा है। मामला कटिहार के दौलत राम चौक स्थित जेके गोला परिसर का है। यहां लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कृत्रिम घाट का निर्माण कराया जा रहा था। इस बार घाट का विस्तार किया जा रहा था, ताकि अधिक से अधिक छठ व्रती यहां भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें।
इसी दौरान खुदाई कर रहे मजदूरों को जमीन के अंदर एक मूर्ति दिखाई दी। जब उसे बाहर निकाला गया तो वह भगवान कृष्ण की मूर्ति निकली। इसके बाद देखते ही देखते यह खबर पूरे शहर में फैल गई और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मूर्ति मिलने के बाद परिसर को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि दुर्गा पूजा के दौरान इसी परिसर में दीवार खड़ी करने की कोशिश की गई थी, लेकिन दीवार गिर गई थी। इससे पहले भी दीवार निर्माण के दौरान ऐसी घटना होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन घटनाओं का मूर्ति मिलने से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
इस परिसर में वर्षों से भक्ति जागरण, कथा वाचन और भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। यहां मशहूर कथावाचक जया किशोरी, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और आचार्य गौरव कृष्ण स्वामी जैसे कलाकार भी कार्यक्रम कर चुके हैं। खाटू श्याम से जुड़े कई धार्मिक आयोजन भी यहां हुए हैं।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि भगवान कृष्ण की यह मूर्ति कितनी पुरानी है? जमीन के अंदर कैसे पहुंची और किस कालखंड से जुड़ी है? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मूर्ति की ऐतिहासिक और पुरातात्विक जांच कराने की मांग की है। फिलहाल मूर्ति को परिसर स्थित शिव मंदिर में स्थापित कर दिया गया है। पुरोहितों से विचार-विमर्श के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
अब सबकी नजर प्रशासन की जांच पर टिकी है, जिससे पता चल सके कि यह मूर्ति किसी प्राचीन धार्मिक इतिहास का हिस्सा है या इसके पीछे कोई दूसरी कहानी है।
कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट ;-