आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश-लालू तक पहुंचे; दिग्गज नेताओं, उद्योगपतियों और हजारों लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : पटना पूर्व राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ पत्रकार, प्रख्यात उद्यमी और समाजसेवी आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में गुरुवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अन्नपूर्णा भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में देश और बिहार की राजनीति से लेकर उद्योग, शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र की नामचीन हस्तियों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता इस मौके पर मौजूद रहे।

12 नवंबर को आयोजित इस सभा में अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े नेताओं की मौजूदगी ने आर.के. सिन्हा के व्यापक सामाजिक प्रभाव और लोकप्रियता को प्रदर्शित किया। लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।

राजनीति के दिग्गजों का लगा जमावड़ा

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, मीसा भारती, रोहिणी आचार्य और जीतन राम मांझी समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा, रविशंकर प्रसाद, संजय सरावगी, विनोद तावड़े, रेणु देवी, मंगल पांडेय, शाहनवाज हुसैन और कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान उद्योग जगत के उद्यमियों, चिकित्सा क्षेत्र के डॉक्टरों, शिक्षाविदों, साधु-संतों, वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। हजारों की संख्या में आम लोग भी अन्नपूर्णा भवन पहुंचे।

बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे आर.के. सिन्हा

आर.के. सिन्हा ने राजनीति, पत्रकारिता, उद्योग और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। पूर्व राज्यसभा सांसद होने के साथ-साथ वे एक सफल उद्यमी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।

श्रद्धांजलि सभा की सबसे खास बात यह रही कि राजनीतिक दलों की सीमाएं यहां पीछे छूटती नजर आईं। पक्ष और विपक्ष के नेताओं का एक मंच पर पहुंचना उनके सर्वस्वीकार्य व्यक्तित्व और व्यापक सामाजिक जुड़ाव को दर्शाता है।

इसके पूर्व भी उनके पुत्र ऋतुराज सिन्हा से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संजय झा, संतोष मांझी सहित बिहार के कई मंत्रियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की थी।

आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रही, बल्कि उनके जीवन, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को याद करने का अवसर भी बनी। अन्नपूर्णा भवन में उमड़ी भीड़ ने यह दिखा दिया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच कितनी गहरी जगह बनाई थी।

Share This Article