3 घंटे की मेहनत, पीपल का एक पत्ता और CM सम्राट चौधरी की तस्वीर लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने अनोखे अंदाज में दी 58वें जन्मदिन की बधाई !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : भागलपुर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 58वें जन्मदिन पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने उन्हें अनोखे अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीपल के एक हरे पत्ते पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बेहद सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर जन्मदिन का खास तोहफा दिया। इस कलाकृति को तैयार करने में उन्हें करीब तीन घंटे का समय लगा।

चाकू की नोक से पत्ते पर बनाई मुख्यमंत्री की तस्वीर

मधुरेंद्र कुमार ने चाकू की नुकीली धार का इस्तेमाल करते हुए पीपल के नाजुक पत्ते पर मुख्यमंत्री का बारीक चित्र तैयार किया। खास बात यह है कि उन्होंने पत्ते पर अंग्रेजी में ‘HAPPY BIRTHDAY SAMRAT CHOUDHARY, CM BIHAR’ भी लिखा। प्राकृतिक पत्ते पर इतनी बारीकी से बनाई गई यह कलाकृति उनकी कला, धैर्य और रचनात्मक प्रतिभा का अनूठा उदाहरण है।

छठी मैया से मुख्यमंत्री की लंबी उम्र की कामना

इस कलाकृति के जरिए मधुरेंद्र कुमार ने छठी मैया से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकसित बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में युवा मुख्यमंत्री लगातार प्रयासरत हैं। उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुए, यही उनकी कामना है।

छोटी-छोटी कलाकृतियों से लगातार दे रहे बड़ा संदेश

मधुरेंद्र ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से कला प्रस्तुत करना उन्हें हमेशा से पसंद रहा है। पीपल के छोटे और नाजुक पत्ते पर किसी व्यक्तित्व की तस्वीर बनाना चुनौतीपूर्ण काम है। इसके लिए धैर्य, एकाग्रता और हाथों पर बेहतरीन नियंत्रण जरूरी होता है।

गौरतलब है कि हाल ही में छठ पूजा के अवसर पर मधुरेंद्र ने पीपल के महज 2 सेंटीमीटर के पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की सूक्ष्म तस्वीर बनाई थी। उनकी इस कलाकृति को लोगों ने खूब सराहा था।

इसके अलावा अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर उन्होंने सरयू नदी तट स्थित रामकथा पार्क में 58 फीट लंबी राम दरबार और राम मंदिर की विशाल रेत कलाकृति तैयार की थी। ब्रिक्स 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपनी कला के जरिए विश्व शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश भी दिया था। वहीं, नवरात्रि के दौरान पीपल के पत्ते पर मां दुर्गा की सूक्ष्म कलाकृति बनाकर महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश प्रस्तुत किया था।

रेत, मिट्टी और प्राकृतिक पत्तों को अपनी कला का माध्यम बनाकर मधुरेंद्र कुमार लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को सामने ला रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बनाई गई यह विशेष कलाकृति भी उनकी अनूठी कलात्मक शैली की एक और मिसाल बन गई है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article