पवन सिंह कोर्ट में नहीं हुए पेश, लगा 1 हजार का जुर्माना; 17 अक्टूबर को फिर होगी सुनवाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे तलाक और भरण-पोषण के मामले में सोमवार, 5 अक्टूबर को बलिया कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान पवन सिंह को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना था, लेकिन वह कोर्ट नहीं पहुंचे। उनकी ओर से बताया गया कि उनकी मां की तबीयत खराब है। पवन सिंह की गैरहाजिरी पर अदालत ने उन पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अंतिम मौका दिया है। मामले की अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।

वहीं, कोर्ट ने समय पर सबूत पेश नहीं करने पर ज्योति सिंह पर भी 500 रुपये का हर्जाना लगाया है। ज्योति पिछली सुनवाई की तरह इस बार भी अदालत पहुंचीं। सुनवाई के बाद ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर लगातार कोर्ट में पेश नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर तारीख पर उन्हें बाहर से बलिया आना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। ज्योति ने यह भी दावा किया कि पवन सिंह अपने पावर और पोजिशन का फायदा उठाते हैं।
पवन सिंह की मां की तबीयत खराब होने की जानकारी पर ज्योति ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली। उन्होंने पवन सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। ज्योति ने अपने भाई को उनकी सास का हाल जानने के लिए भेजा था। उनके मुताबिक, पवन सिंह की मां अब अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट चुकी हैं।
पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 6 मार्च 2018 को बलिया में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आने लगीं। ज्योति ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न सहित कई गंभीर आरोप लगाए, जिन्हें पवन सिंह ने खारिज किया। अप्रैल 2022 में ज्योति ने तलाक की अर्जी दाखिल की, जबकि पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में तलाक का केस दायर किया था।
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान ज्योति ने पवन सिंह के लिए प्रचार किया था, जिससे दोनों के बीच सुलह की अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि, चुनाव के बाद एक बार फिर दोनों के अलग होने की खबरें सामने आने लगीं। ज्योति आज भी कई मौकों पर साथ रहने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं।

Share This Article